राजस्थान की बेटियों ने केरल को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं:कल होगा फाइनल मुकाबला; नेशनल बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

69वीं नेशनल स्कूली बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट अब अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच गया है। आज सुबह प्री-क्वार्टर फाइनल और शाम को क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। महात्मा गांधी स्कूल स्टेशन रोड समेत 6 मैदानों पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता के दौरान सुबह से देर शाम तक दुधिया रोशनी में मैचों का आयोजन किया गया। मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने अपना पूरा दमखम दिखाया, वहीं दर्शकों ने भी हूटिंग और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका हौसला बढ़ाया। निदेशालय प्रतिनिधि दिलीपसिंह सोढ़ा ने बताया कि मंगलवार सुबह प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरे स्थान के लिए हार्डलाइन मैच होंगे। दोपहर 2 बजे छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन सचिव एवं स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल चूली के प्रधानाचार्य ईश्वर दान ने बताया कि मंगलवार शाम 4 बजे हाई स्कूल के बॉस्केलबॉल मैदान पर प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में डेयरी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि और चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा, भाजपा आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक दीपक कड़वासरा, उद्यमी टीकूसिंह गोदारा व हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड सदस्य अरूण कुमार सारस्वत अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में समाजसेवी ठाकराराम माली, युवा उद्यमी आजादसिंह राठौड़, निजी शिक्षण संस्थान संघ अध्यक्ष बालसिंह राठौड़, समाजसेवी नरेंद्र सिंहल, श्रवण कुमार माहेश्वरी व सुरेश सिंह महेचा बतौर विशिष्ठ अतिथि भाग लेंगे। प्री-क्वार्टर फाइनल मैचों में यह रहा परिणाम छात्र वर्ग: पहले प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में राजस्थान ने बिहार को 59-14 अंकों के अंतर से हराया। इसके बाद सीआईएससीई ने चंडीगढ़ को 68-58, दिल्ली ने कर्नाटक को 80-61, हरियाणा ने छत्तीसगढ़ को 78-41, महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को 70-40, पश्चिम बंगाल ने ओडिसा को 41-40, पंजाब ने हिमाचल प्रदेश को 54-47 और सीबीएसई ने केरल को 59-53 अंकों के अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। छात्रा वर्ग: दिन के पहले प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में राजस्थान ने आंध्र प्रदेश को 94-16 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया। इसके बाद सीबीएसई ने चंडीगढ़ को 49-31, केरल ने मध्य प्रदेश को 58-27, तमिलनाडु ने छत्तीसगढ़ को 67-23, पंजाब ने मेघालय को 58-7, गुजरात ने पश्चिम बंगाल को 57-29, महाराष्ट्र ने कर्नाटक को 59-53 और झारखंड ने तेलंगाना को 54-39 अंकों के अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। राजस्थान-हरियाणा पहुंचे सेमीफाइनल में राष्ट्रीय बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता के दौरान सोमवार शाम को क्वार्टर फाइनल मुकाबले गए। छात्रा वर्ग में पहला मुकाबला मल्लीनाथ छात्रावास के मैदान पर राजस्थान और केरल के बीच खेला गया। इसमें राजस्थान की लड़कियों ने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए केरल को 44-21 अंकों के अंतर से पराजित किया गया। वहीं छात्र वर्ग का पहला मैच हरियाणा और पश्चिम बंगाल के बीच हुआ, जिसमें हरियाणा ने 62-28 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कल होंगे सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले बता दें कि प्रतियोगिता की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी। पहले 3 दिन लीग मैच खेले गए। वहीं सोमवार सुबह प्री-क्वार्टर फाइनल और शाम को क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *