सुबह 5 बजे, जमा देने वाली सर्दी। गलती से रजाई से पैर भी बाहर निकल जाए तो सिहरन पैदा हो जाती है, लेकिन इसी सर्दी में… कोटा में एक पिता सड़क पर थे, क्योंकि पढ़ाई कर रहे बेटे के लिए 55 किमी दूर रावतभाटा से दवाइयां और जरूरी सामान लाना था। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर जैसलमेर में जवान तीर सी चुभती शीतलहर के बीच हाथों में हथियार थामे खड़े थे, क्योंकि…सवाल देश की सुरक्षा का है। चूरू की सब्जी मंडी में किसानाें की भीड़ थी, जो रात 3 बजे खेतों से सब्जी तोड़कर यहां पहुंचे थे, क्योंकि…सवाल रोजी-रोटी का है। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच सुबह 5 बजे भास्कर रिपोर्टर 8 जगहों पर पहुंचे तो ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… लोकेशन- 1 बड़ी चौपड़ और सिंधी कैंप बस स्टैंड, जयपुर सुबह- 5 बजे बड़ी चौपड़ पर सन्नाटा
जयपुर में आज रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान भास्कर की टीम सुबह 5 बजे शहर की सड़कों पर निकली। दिन में सबसे बिजी रहने वाला बड़ी चौपड़ पर सुबह सन्नाटा रहा। यहां कुछ लोग काम के लिए निकलते नजर आए, जो 5 लेयर के कपड़े पहने हुए थे। साथ ही कंबल ओढ़े हुए थे। सर्द हवा के कारण आम दिनों में भीड़भाड़ वाला यह इलाका पूरी तरह सूना रहा। बस स्टैंड के बरामदों में कंबल ओढ़कर सोते मिले लोग
सर्दी के बावजूद सिंधी कैंप बस स्टैंड पर सुबह यात्रियों की भीड़ दिखी। अधिकतर लोग टिकट काउंटर के पास हॉल और बरामदों में कंबल ओढ़कर सो रहे थे। यात्री ठंड से राहत पाने के लिए गर्म चाय का सहारा ले रहे थे। टीम जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां भी कमोबेश ऐसा ही नजारा था। लोकेशन- 2 इंद्रविहार जवाहर नगर और महावीर नगर फर्स्ट, कोटा सुबह- 5.30 बजे सूनी नजर आई सड़कें
कोटा के इन्द्र विहार जवाहर नगर, महावीर नगर फर्स्ट इलाके में कोचिंग संस्थान, बड़ी संख्या में हॉस्टल व मेस हैं। भास्कर टीम सुबह साढ़े 5 बजे इस इलाके में पहुंची। सड़क सुनसान थी। इक्का-दुक्का लोग बाइक से सड़क पर जाते हुए नजर आए। बेटे के लिए 55 किमी दूर से आए पिता
सुनसान सड़क पर रावतभाटा निवासी आरके ठाकुर मिले। वो कंधे पर बैग टांके पैदल जा रहे थे। सर्दी से बचने के लिए उन्होंने जैकेट और टोपी पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा कोटा में पढ़ाई करता है। उसके लिए 55 किलो दूर रावतभाटा से कुछ दवाइयां व जरूरी सामान लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि ठंड जबरदस्त पड़ रही है। फिर भी जरूरी काम के लिए आना-जाना पड़ता है। जॉगिंग करता नजर आया युवक
सुबह 6 बजे जवाहर नगर में एक युवक जॉगिंग करता हुआ इन्द्र विहार की तरफ जाता नजर आया। उसने हाफ टीशर्ट पहन रखी थी। जैकेट को कमर पर बांध रखा था। उसने बताया कि वो बिहार का रहने वाला है। उसका नाम रामाशंकर है। कोटा में NEET की तैयारी कर रहा है। पिछले एक महीने से रोज सुबह सुबह 3-4 किमी दौड़ लगाता है। दौड़ लगाने के बाद ठंड नहीं लगती। सवारियों का इंतजार कर रहे थे ऑटो ड्राइवर
सुबह 6.10 बजे महावीर नगर फर्स्ट विश्वकर्मा सर्किल पर कुछ ऑटो के ड्राइवर सवारियों का इंतजार कर रहे थे। पास में एक चाय की दुकान खुली हुई थी। दुकान के साइड में कुछ लोग अलाव ताप रहे थे। 55 साल के ऑटो ड्राइवर ने बताया कि परिवार का पेट पालने के लिए तड़के जल्दी आना पड़ता है। चाहे कितनी भी सर्दी हो, काम पर निकलना ही पड़ता है। लोकेशन- 3 बाड़मेर सुबह- 6 बजे सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर में भी लगातार सर्दी का कहर जारी है। जब भास्कर की टीम सुबह 6:00 बजे शहर सहित हाईवे पर पहुंची, तो इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए। सुबह साढ़े 6 बजे तक अंधेरा रहा। आसमान में अलसुबह से कोहरा छाया रहा। वहीं ओस भी गिरी है। कलेक्टर की ओर से स्कूलों में पहली कक्षा से 8वीं कक्षा तक छुट्टी की गई है। बाड़मेर में आज का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। लोकेशन- 4 भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा, जैसलमेर सुबह- 5.30 बजे तेज सर्दी में भी बॉर्डर पर कड़ी निगरानी जैसलमेर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, वहीं अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जैसलमेर में सुबह से घना कोहरा छाने के कारण विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। इस कड़ाके की ठंड में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF के जवान निगरानी करते नजर आए। तारबंदी के पास मजबूती के साथ जवान ड्यूटी कर रहे हैं। जवानों का कहना है कि चाहे कैसा भी तापमान हो, सर्दी हो-गर्मी हो-बरसात हो, देश की रक्षा करना उनका पहला कर्तव्य है और वह उसमें कहीं भी चूक नहीं करते हैं। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे में उनकी ड्यूटी और ज्यादा बढ़ जाती है। कहीं सीमा पार से कोई नापाक हरकत न हो जाए, घने कोहरे का फायदा उठाकर कहीं कोई घुसपैठ ना हो जाए, इसको लेकर भी 24 घंटे मुस्तैद रहते हैं। तारबंदी पर नजर गड़ाए हथियार के साथ पेट्रोलिंग करते रहते हैं। लोकेशन- 5 मुख्य सब्जी मंडी, चूरू सुबह- 5.00 बजे सब्जी मंडी में सुबह 5 बजे से ही भीड़ चूरू में रतनगढ़ रोड पर स्थित मुख्य सब्जी मंडी में सुबह 5 बजे से ही ग्रामीण इलाकों से सब्जी बेचने के लिए आने वाले किसानों की भीड़ लगने लगती है। मंडी में आए किसान अपनी सब्जियों के भाव व्यापारियों से पूछ रहे थे। किसान राकेश और दिलीप ने बताया कि सुबह 3 बजे उठकर खेत से सब्जी तोड़कर लाते हैं। कड़ाके की सर्दी में खेत में सब्जी इकट्ठी करनी बड़ा मुश्किल काम है। किसान लालचंद ने बताया कि रात 2 बजे उठकर खेत से सब्जियां तोड़ी। उसके बाद पिकअप में लेकर सुबह साढ़े 5 बजे मंडी पहुंचे। रास्ते में घना कोहरा छाया हुआ था। बड़ी सावधानी के साथ पहुंचे हैं। लोकेशन- 6 सीकर सुबह- 6.00 बजे गलन भरी सर्दी का असर तेज
सीकर में शीतलहर का असर जारी है। आज सुबह कोहरा कम रहा, लेकिन आसमान में बादल छाए हुए हैं। आम दिनों में सुबह स्मृति वन में काफी लोग मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही वॉक पर आने वाले लोगों की संख्या कम हो गई है। कई लोग ऐसे भी हैं जो अपने रूटीन के अनुसार सुबह 5 से 6 बजे के बीच यहां आते हैं। फतेहपुर में 3.7 डिग्री गिरा पारा
फतेहपुर में लगातार बारिश, कोहरे और ठंड ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार से 3.7 डिग्री कम है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। ठंड का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है, जिन्हें रबी की फसलों की सिंचाई के लिए भोर में खेतों में जाना पड़ रहा है। लोकेशन- 7 माउंट आबू (सिरोही) सुबह- 7.00 बजे गुरु शिखर पर जमाव बिंदु पर पहुंचा तापमान
सिरोही जिले के माउंट आबू में 2 दिन से ठंड में उतार-चढ़ाव के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी है। माउंट आबू के लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। माउंट आबू का न्यूनतम तापमान शीतलहर के चलते 3 डिग्री है। वहीं गुरु शिखर पर जमाव बिंदु पर तापमान पहुंच गया। पिछले 2 दिनों में माउंट आबू में 50 हजार से अधिक पर्यटकपहुंचे हैं। लोकेशन- 8 उदयपुर सुबह- 7.00 बजे उदयपुर में उमड़े पर्यटक
उदयपुर में तेज सर्दी का असर बरकरार है, लेकिन धूप होने की वजह से यहां लोगों को राहत मिली है। बर्फीली हवाओं के चलने से लोग सर्दी से बचाव को लेकर पूरी तरह से अलर्ट नजर आए। सैलानी भी सर्दी से बचाव करते नजर आए। शहर के फतेहसागर और पिछोला झील किनारे की तरफ बड़ी संख्या में टूरिस्ट सुबह घूमने निकले।


