राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार (1 फरवरी) को भी रहा। कोटा और चित्तौड़गढ़ में दोपहर बाद कई जगह बादल छाए। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि जयपुर और अजमेर संभागों में हल्के बादल और धुंध छाई रही। जोधपुर संभाग में आसमान साफ रहा और धूप रहने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने सोमवार को 12 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में रविवार दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। बारां और कोटपूतली में भी बूंदाबांदी हुई। भरतपुर, दौसा, जयपुर और अलवर जिलों में दिन में हल्के बादल छाए रहने से धूप कम रही। इन जिलों में दोपहर तक रहा कोहरा
हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों में रविवार को कोहरे का प्रभाव दोपहर तक रहा, जिसके कारण धूप कमजोर रही। हनुमानगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 21.4, बीकानेर में 22.6, करौली में 21.1, अलवर में 20, जयपुर में 25.2, पिलानी में 25.4, कोटा में 25.6 और पाली में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी राजस्थान में निकली धूप, पारा चढ़ा
उत्तर-पूर्वी और दक्षिण राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल और धुंध छाई रही, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम ड्राय रहा। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और फलोदी जिलों में दिन में आसमान साफ रहा और धूप निकली। इससे इन शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। रविवार को दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 25.7, जोधपुर में 27.9, चित्तौड़गढ़ में 28.8, फलोदी में 26.6 और जालोर में 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ


