राजस्थान के 6 जिलों में चली लू:बाड़मेर में पारा 44°C के पार; कल से आंधी और बारिश का अलर्ट

राजस्थान में पश्चिमी हवा का प्रभाव बढ़ने से गर्मी तेज होने लगी है। बाड़मेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, कोटा, टोंक और पिलानी (झुंझुनूं) में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। ये जिले लू (हीटवेव) से प्रभावित रहे। जयपुर, उदयपुर, अजमेर समेत अन्य शहरों में भी दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। आज सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- अगले दो दिन राज्य में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। 26 अप्रैल को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पूर्वी राजस्थान में एक्टिव होगा। इसके असर से 26 अप्रैल की शाम से भरतपुर, जयपुर संभाग के 6 जिलों में बादल छा सकते हैं। कई जगह 40 से 50KM प्रति घंटा तक की स्पीड से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। ह्यूमिडिटी लेवल 10 फीसदी से नीचे राज्य के सभी शहरों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। गुरुवार सुबह 11 बजे तक कई शहरों में झुलसाने वाली गर्मी शुरू हो गई। राज्य में तापमान ज्यादा होने और गर्म हवा चलने से मौसम सूखा हो गया। दिन में वातावरण में ह्यूमिडिटी (नमी) का लेवल 10 फीसदी से भी नीचे चला गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक आज दिन में जयपुर, पिलानी, सीकर, उदयपुर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, नागौर, डूंगरपुर, फतेहपुर समेत अन्य कुछ शहरों में ह्यूमिडिटी का लेवल 10 फीसदी से नीचे दर्ज हुआ। हेल्थ एक्सपट्‌र्स के मुताबिक ऐसी गर्मी में लोगों को घर या दफ्तर से बाहर निकलने से पहले पानी या कोई तरल पदार्थ पीकर निकलना चाहिए। मई के पहले सप्ताह रहेगी गर्मी से राहत मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से आगामी दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। मई के पहले सप्ताह में तेज गर्मी और हीटवेव से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। पूर्वी हवा एक्टिव होने और बैक-टू-बैक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने से 1 से 4 मई तक थंडरस्टॉर्म (बादल छाने, आंधी चलने, बारिश होने, बिजली चमकने) गतिविधियां होने की आशंका है। इसके कारण मई के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान औसत के आसपास रहने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *