उत्तरी हवा चलने के कारण राजस्थान में सुबह-शाम की सर्दी तेज हो गई। राज्य में कल 2 शहरों को छोड़कर शेष सभी शहरों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट यानी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से गंगानगर, धौलपुर, अलवर, करौली में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। वहीं, बुधवार को आठ जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट है। मौसम विशेषज्ञों ने 10 जनवरी की शाम से प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी जिलों में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से 10 जनवरी की शाम और 11 जनवरी को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट पिछले 24 घंटे में सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस नागौर में दर्ज हुआ। कल कोटा और धौलपुर को छोड़कर सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5.2, फतेहपुर में 4.4, सिरोही में 4.2, वनस्थली में 6, चित्तौड़गढ़ में 5.9, जोधपुर में 6.5, जैसलमेर में 6.6, जालौर में 6.7, कोटा में 10 और धौलपुर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर, अलवर में दिन का पारा 8 डिग्री तक चढ़ा दिन में आसमान साफ होने और धूप निकलने से उत्तर-पूर्वी राजस्थान के लोगों को कल राहत मिली। गंगानगर में कल दिन का अधिकतम तापमान 5.9 डिग्री चढ़कर 21.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। अलवर में कल अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री चढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। कल दिन का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 18, कोटा में 20.3, उदयपुर में 22, जोधपुर में 22.2, जैसलमेर में 22.5, बीकानेर में 21 और अजमेर में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज इन जिलों में कोल्ड-वेव का येलो अलर्ट मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, अलवर, भरतपुर और दौसा जिलों में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 9 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों को कोल्ड-वेव से राहत मिलेगी। वहीं 10-11 जनवरी को बीकानेर, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के जिलों बादल छाने और मेघगर्जना के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।


