राजस्थान की बेटियों के लिए क्रिकेट का महाकुंभ लगेगा। राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी ने इसकी पहल की है। अगले साल 12 जनवरी को विवेकानंद जयंति के अवसर पर इसकी शुरुआत होगी। राजस्थान क्रिकेट संघ शिक्षा विभाग और राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल के साथ मिलकर इसका आयोजन करने जा रहा है। शिक्षा विभाग से इसकी सहमति मिल गई है। इसमें शुरुआत में इसका आयोजन ग्राम पंचायत स्तर पर होगा। इसमें 10 हजार से ज्यादा टीमें बनेंगी। इन टीमों में एक लाख से ज्यादा राजस्थान की बेटियां खेलतीं नजर आएंगी। ये वे ही बच्चियां होंगी जो कि ग्राम पंचायत स्तर पर स्कूलों में पढ़ती हैं। ग्राम पंचायत स्तर की चैम्पियन टीमें जिला स्तर पर खेलेंगी। जिला स्तर की चैम्पियन टीमें संभाग स्तर पर आपस में खेलेंगी और फिर संभाग स्तर की चैम्पियन टीमें राज्य स्तर पर जोर लगाएंगी। इस प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के साथ-साथ नाथद्वारा के मिराज स्टेडियम में खेले जाएंगे।


