राजस्थान सरकार ने आज एक लाख भर्तियों का सालभर का भर्ती कैलेंडर जारी किया। इसमें भर्ती के पदों की संख्या और परीक्षा किस की महीने में होगी, ये बताया गया है। भर्ती कैलेंडर जारी करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा है कि हमने युवाओं के भविष्य की योजनाओं को आकार देने के लिए आज एक लाख भर्तियों वाला सालभर का भर्ती कैलेंडर जारी किया है। इससे आपको यह पता लगेगा कि भर्ती की विज्ञप्ति कब निकलेगी, फॉर्म कब भरे जाएंगे, परिणाम कब आएंगे, परिणाम आने के बाद नियुक्ति पत्र आपको कब मिलेंगे। यह पूरी पारदर्शिता के साथ हमने उजागर किया है। उन्होंने कहा- हम चाहते हैं कि हमारे युवा मेहनत करें, हमारे युवा पढ़ें। वह जो कुछ जीवन में बनना चाहता है। वह बनकर दिखाए। हम इस कैलेंडर से सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा तय समय पर करवाई जाए। सीएम भजनलाल शर्मा आज जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय युवा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। आगे देखिए 1 लाख भर्तियों की लिस्ट… दो साल में 300 पेपर हुए, एक भी लीक नहीं हुआ सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि दो साल पहले जब हमारी सरकार बनी थी, तब हमने शपथ ली थी कि हम युवाओं के सपनों को चूर-चूर नहीं होने देंगे। पिछली सरकार के पेपर लीक के श्राप से प्रदेश को मुक्ति दिलाएंगे। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि मुझे गर्व है कि हम संकल्प पर खरे उतर रहे हैं। प्रदेश में पिछले दो साल में 300 पेपर हुए है, एक भी लीक नहीं हुआ। हमारी सरकार ने युवाओं के विकास के लिए विशेष कदम उठाएं हैं। उन्होंने बताया कि विपक्ष के लोगों ने कहा था कि इतनी नौकरी कैसे दे पाओगे। हमने उनसे कहा था कि आप चिंता मत कीजिए। डायरी-पेन हाथ में रखिए, हम पूरा हिसाब देकर चलेंगे। आप देखिए हम युवाओं को कैसे नौकरी देते हैं। पिछले दो सालों मे एक लाख से अधिक नौकरियां दी जा चुकी हैं। वहीं 1.43 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। युवाओं के साथ बजट पूर्व संवाद इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने सीएमआर में सार्वजनिक क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों से बजट पूर्व संवाद किया। सीएम ने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है तथा हमारे युवा, देश और प्रदेश के कर्णधार हैं। युवाओं की ऊर्जा एवं शक्ति से ही विकसित भारत व विकसित राजस्थान के सपने को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा- हमारी सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने तथा उनके सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है। हमारी प्राथमिकता है कि बजट युवा केन्द्रित बने, जिससे राज्य के विकास को गति मिले और मजबूत राजस्थान का निर्माण हो सके। उन्होंने सभी युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। विवेकानंद जी ने युवाओं को अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अडिग रहकर काम करने का संदेश दिया। युवा तरुणाई आगे बढ़ेंगे तो देश-प्रदेश आगे बढ़ेगा।


