राजस्थान में एम्बुलेंस हड़ताल 31 दिसंबर तक स्थगित:अधिकारियों से बातचीत और टेंडर में संशोधन पत्र के बाद 108 और 104 एंबुलेंस की हड़ताल टली

राजस्थान में संचालित 108 और 104 एम्बुलेंस सेवा की रविवार रात 12 बजे से प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। अधिकारियों से हुई बातचीत और टेंडर की शर्तों में किए संशोधन के बाद राजस्थान एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को 31 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) का 104 एम्बुलेंस टेंडर की आरएफपी का शुद्धिपत्र रविवार को मिला है। इसमें 31 दिसंबर को 104 एम्बुलेंस के टेंडर का कंपनियों की तरफ से प्री-बिड सबमिट किया जाएगा और उनके सामने शर्तों को रखा जाएगा। इसके चलते कर्मचारियों ने हड़ताल को 31 दिसंबर तक के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। 31 दिसंबर तक सामान्य रहेगी सेवा
प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- आज रात 12 बजे से जो हड़ताल पर जाने की योजना थी, उसे स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया- सामान्य दिनों की तरह सोमवार से 31 दिसंबर तक एम्बुलेंस की सेवाएं जारी रहेंगी। आपको बता दें कि टेंडर शर्तों में कर्मचारियों की कुछ मांगे शामिल नहीं करने को लेकर कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया था। 1600 से ज्यादा एम्बुलेंस का संचालन
वर्तमान में प्रदेश में 1094 वाहन (108) और 600 वाहन (104) सेवा के नाम से संचालित हैं। इन वाहनों की कंट्रोलिंग वर्तमान में मॉडर्न इमरजेंसी सर्विसेज लिमिटेड के पास है। ये सेवाएं प्रदेश में आमजन के लिए फ्री संचालित की जाती हैं। 12730 रुपए मिलता है वेतन
एम्बुलेंस संचालन सेवा से करीब 3 हजार कर्मचारी जुड़े हुए हैं। वर्तमान में इन कर्मचारियों (ड्राइवर और अन्य सहयोगी) को कंपनी की तरफ से 12 हजार 730 रुपए का वेतन मिल रहा है। यूनियन ने इस वेतन में 30 फीसदी की बढ़ोतरी करने और हर साल 10 फीसदी की दर से बढ़ोतरी करने की शर्त टेंडर में जोड़ने की मांग की है। साथ ही वर्किंग आवर्स जो 12 घंटे टेंडर में दर्शाए गए हैं, उनको कम करके 8 घंटे करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *