जयपुर सहित पूरे राजस्थान में आज गणगौर की सवारी निकाली जा रही है। उदयपुर में जगदीश चौक पर गणगौर की सवारी के आगे कई कलाकार हैरतअंगेज करतब दिखा रहे हैं। उदयपुर में नाव पर भी गणगौर की सवारी निकाली जाएगी। जयपुर में राजसी ठाठ-बाट के साथ सवारी निकाली जा रही है। जयपुर के पूर्व राजपरिवार सदस्य पद्मनाभ सिंह गणगौर माता का पूजन करेंगे। शोभायात्रा पर पहली बार ड्रोन के जरिए फूल बरसाए जाएंगे। जोधपुर में गवर माता की प्रतिमा को 2 किलो सोने से सजाया जाएगा। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- जयपुर की शोभायात्रा में इस बार 250 लोक कलाकार हिस्सा लेंगे। सजी-धजी पालकियों, ऊंट, घोड़ों और हाथियों की संख्या बढ़ाई गई है। 24 लोगों का दल पारंपरिक वेशभूषा में परफॉर्म करेगा। अरवाड़ा संप्रदाय के अनुयायी अपनी पारंपरिक प्रस्तुति देंगे।


