राजस्थान इन दिनों घने कोहरे की चपेट में है। सोमवार सुबह से जयपुर सहित कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। राजधाानी के बाहरी इलाकों में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम है। दरअसल, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और घने कोहरे के कारण प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि दिन के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कल से तापमान में गिरावट के साथ तेज सर्दी का अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के कारण तापमान में गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा जिलों में घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण इन शहरों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सबसे ठंडा दिन अलवर और करौली में रहा रविवार को सबसे ठंडा दिन अलवर और करौली में रहा, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 17 और 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन शहरों में कल सुबह से देर शाम तक कोहरे और धुंध का जबरदस्त असर रहा। करौली में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस और अलवर में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दौसा, श्रीगंगानगर, कोटा, पिलानी, जयपुर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर समेत लगभग सभी शहरों में तापमान में 1 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। कोहरे के कारण कई शहरों में ‘ठंडा दिन’
कोहरे के चलते कल राजस्थान के कई शहरों में ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया। अलवर और करौली के अलावा, दौसा में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 22.8, बारां में 23.7, गंगानगर में 21.1, पिलानी में 21.9 और कोटा में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान 5 डिग्री बढ़ा पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में बादल छाए हुए हैं, जिससे उत्तरी हवा कमजोर पड़ गई हैं। इसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है और सुबह-शाम की सर्दी कम हो गई है। कल कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। कल सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 7 और चित्तौड़गढ़ में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल से बढ़ेगी सर्दी, कोहरा भी रहेगा मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर आज भी रहेगा, जिससे कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। 23 दिसंबर से उत्तर भारत से ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होगी। इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है।


