जयपुर के जे.के लोन हॉस्पिटल में प्रदेश की पहली सरकारी हॉस्पिटल की पीडियाट्रिक कार्डियक डिपार्टमेंट की डेडिकेटेड यूनिट शुरू हुई है। इस यूनिट में 80 बेड है, जिन पर पूरी तरह छोटे बच्चे जो दिल की बीमारी से पीड़ित है उनका इलाज किया जाएगा। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने आज जे.के. लोन हॉस्पिटल में पहुंचकर इस यूनिट का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया- इस यूनिट में जल्द ही एडमिशन और इलाज की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे छोटे बच्चे जो दिल की बीमारी से पीड़ित है उनको परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस मौके पर एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया- 20 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस मॉडर्न यूनिट में 80 सामान्य बेड की सुविधा है। इसके अलावा 10 एडवांस ICU बेड, 5 HDU बेड तैयार किए है। जे.के. लोन हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आरएन सेहरा ने बताया- इसमें एक सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट और एक कार्डियक सर्जन की नियुक्ति कर दी है। इसके अलावा टेक्नीशियन और नर्सिंग स्टाफ की भी नियुक्ति कर दी है। जल्द सीनियर रेजीडेंट्स डॉक्टर्स की नियुक्ति होने के बाद इस यूनिट में मरीजों की भर्ती और इलाज की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस मौके पर चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़, चिकित्सा शिक्षा सचिव अम्बरीश कुमार, जे.के. लोन हॉस्पिटल के अतिरिक्त अधीक्षक मनीष शर्मा, उपाधीक्षक डॉ. के.के. यादव समेत अन्य अधिकारी और डॉक्टर्स मौजूद थे।


