राजस्थान में फिर बारिश होगी:जयपुर सहित 10 जिलों में बदलेगा मौसम; दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा, कड़ाके की सर्दी से राहत

राजस्थान में फिर से मौसम बदलेगा। बादल छाएंगे और बारिश होगी। इसकी शुरुआत 22 जनवरी से होगी। एक हल्के प्रभाव के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के कारण ऐसा होगा। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग के करीब 10 जिलों में इसका प्रभाव रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बरसात और बूंदाबांदी हो सकती है। उधर, उत्तर भारत पर एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तरी हवा थम गई है। इससे राजस्थान समेत मैदानी राज्यों को कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिली है। जयपुर, टोंक, धौलपुर, चूरू समेत कई शहरों में रविवार (19 जनवरी) को दिन का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। सबसे अधिक तापमान डूंगरपुर जिले में दर्ज हुआ। आज तीन जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में 21 जनवरी तक लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में कल दिनभर मौसम शुष्क रहा और तेज धूप रही। गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में दिन में भी हल्का कोहरा और आसमान में हल्के बादल रहे। कल दिन सबसे अधिक तापमान डूंगरपुर में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में कल (रविवार) अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस, उदयपुर में 28.1, जालोर में 28.9, जोधपुर और नागौर में 27.6, चूरू में 26.6, बारां में 26.4, सीकर के फतेहपुर में 27.3 और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में दो सप्ताह बाद सर्दी से राहत
राजधानी जयपुर में कड़ाके की सर्दी से परेशान लोगों को करीब दो सप्ताह बाद राहत मिली। जयपुर में कल दिनभर आसमान साफ रहा और धूप निकली। उत्तरी हवाएं नहीं चलने से सुबह-शाम भी गलन कम रही। जयपुर में कल अधिकतम तापमान (6.1 डिग्री बढ़कर) 25.9 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। धौलपुर में कल अधिकतम तापमान (10.1 डिग्री बढ़कर) 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसी तरह चूरू में कल अधिकतम तापमान 7.3 डिग्री, पिलानी में 7.5 और करौली में 6.2 डिग्री की बढ़ोतरी होने से यहां लोगों को सर्दी से बहुत राहत मिली। 21 जनवरी को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और सर्दी से राहत रहने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *