राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार दोपहर बाद कई शहरों में मौसम बदल गया। चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ में करीब 50KM स्पीड से अंधड़ आया। इससे कई जगह टीनशेड उड़ गए, पेड़ गिरे। जालोर में बारिश के साथ ओले गिरे। सवाई माधोपुर में बूंदाबांदी हुई। बूंदी में अंधड़ से मोबाइल टावर गिर गया। वहीं, जयपुर, टोंक, अलवर समेत कई जिलों में बादल छाए। धूलभरी हवा चली। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट हुई। लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हनुमानगढ़, चूरू में तेज अंधड़ के कारण मंडियों में बिकने के लिए आए गेहूं, जौ को भी नुकसान पहुंचा। पहले फोटोज में देखिए-आंधी-बारिश… जालोर में 15 मिनट बारिश हुई जालोर में शनिवार की शाम करीब 4.30 बजे मौसम में बदलाव हुआ। आहोर में करीब 1 घंटे तक आंधी चली। कई कच्चे घरों के छप्पर उड़ गए। करीब 10 से 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई। आहोर के देवकी, वेडिया गांव में ओले भी गिरे। मोबाइल टावर गिरा, दुकानों के टीनशेड उड़े बूंदी के नैनवां क्षेत्र में तलवास के कई इलाकों में शनिवार को आई तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मोबाइल टावर धराशायी हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। नैनवां और कापरेन में दुकानों और घरों पर लगे टीनशेड उड़कर जमीन पर आ गिरे। कुछ जगहों पर आंधी के दौरान आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं। तेज होगी गर्मी, हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 27 अप्रैल से राज्य में फिर तापमान बढ़ेगा और गर्मी तेज होने लगेगी। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जालोर, जोधपुर, पाली, भीलवाड़ा, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू और झुंझुनूं के एरिया में तेज गर्मी रहेगी। पाकिस्तान सीमा से लगते जिले जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर के अलावा जोधपुर जिलों में तो दिन और रात में हीटवेव चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 1 मई से फिर बदलेगा मौसम मौसम विशेषज्ञों ने बताया- 30 अप्रैल तक तेज गर्मी के बाद एक मई से फिर राजस्थान के मौसम में बदलाव होने का अनुमान है। 1-2 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और उसके असर से राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। मई के पहले सप्ताह में दो बैक टू बैक सिस्टम आने का अनुमान है, जिसके असर से 4-5 मई तक राज्य में आंधी-बारिश अलग-अलग स्थानों पर होने की संभावना है।


