राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के जन्मदिन को राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन (RVTKA) ने एक अनूठे तरीके से मनाया। एसोसिएशन ने 13 से 17 जनवरी तक चले विशेष अभियान में प्रदेशभर में 3000 से अधिक यूनिट रक्तदान एकत्र किया और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए। अभियान की शुरुआत 13 जनवरी को अजमेर डिस्कॉम से हुई, जहां सभी जिला मुख्यालयों पर 1138 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। 14 जनवरी को डिस्कॉम के सभी जिला मुख्यालयों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। 15 जनवरी को जोधपुर डिस्कॉम में 1000 से अधिक यूनिट, 16 जनवरी को कोटा संभाग में 300 से अधिक यूनिट और 17 जनवरी को विद्युत भवन में 300 से अधिक यूनिट रक्तदान एकत्र किया गया। समापन समारोह में ऊर्जा मंत्री का माल्यार्पण किया गया और उन्होंने केक काटकर कार्यक्रम में भाग लेने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर एसोसिएशन ने तकनीकी कर्मचारियों की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने तकनीकी कर्मचारियों को विभाग की रीढ़ बताते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और जल्द ही अधिकारियों व यूनियन की बैठक बुलाने की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, जिला अध्यक्ष और हजारों तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।


