राजस्थान लोक सेवा आयोग आरएएस प्री-2024 को नकल रहित और डमी कैंडिडेट्स से दूर रखने के लिए खुफिया विभाग का भी सहयोग लेगा। पूर्व की भर्तियों में नकल करने के मामले में डीबार हाे चुके अभ्यर्थियों की एक सूची भी विभाग को शेयर की गई है। वहीं, आयोग द्वारा परीक्षा को प्रदेश के 90 शहरों में कराने की तैयारी है। परीक्षा 2 फरवरी को है। कुल 733 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग ने जिलों के कलेक्टरों व एसपी के साथ वीसी की है। एडीजी एसओजी, एसआईटी अधिकारियों से भी चर्चा की गई है। गोपनीय तरीके से निगरानी बढ़ाने की तैयारी: आयोग गोपनीय तरीके से निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। एसआई आदि परीक्षा में पूर्व में किन सेंटरों पर पेपर लीक और गड़बड़ी हो चुकी है, उसका एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। किस तरह की चालाकियां डमी व नकल कराने वाले कथित कैंडिडेट्स करते हैं उनके बारे में भी इंटेलिजेंस अफसरों को बताया गया है। पब्लिक की आवाजाही कहां, इस पर विशेष फोकस
आरपीएससी अब इस चीज का भी पता लगवा रही है कि प्रदेश के किस जिले के कौन से स्कूल के गेट तालाब के सामने खुलते हैं। कौन से ऐसे स्कूल हैं जहां पर पानी भरने के बहाने लोगों की परीक्षा के दौरान आवाजाही रहती है। इन पर विशेष निगरानी कराई जाएगी। एक लिस्ट उन अभ्यर्थियों की भी तैयार कराई गई है जिन्हें आयोग ने पूर्व में डीबार कर दिया था। लेकिन वे कोर्ट पहुंच गए और संदेह का लाभ मिलने पर उन्हें कोर्ट से लाभ मिल गया। इन सभी को भी निगरानी में लिया हुआ है। 2 हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी
अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए आयोग द्वारा इस परीक्षा के लिए 2 हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों की फाइनल लिस्ट जल्द ही जारी की जाएगी। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र जयपुर में ही बनाए जाएंगे। अजमेर में भी 40 से अधिक केंद्र बनाए जा सकते हैं।


