राजस्थान शीतलहर की चपेट में, दिन में रात जैसी ठंड:लगातार गिर रहा है अधिकतम तापमान, 2 जनवरी से बदल सकता है मौसम

राजस्थान में कोहरे और शीतलहर (कोल्ड-वेव) से कड़ाके की सर्दी है। मंगलवार को उत्तरी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, सीकर में दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। पूरे दिन घना कोहरा रहने और सर्द हवा चलने से इन शहरों में दिन में भी रात जैसी सर्दी रही। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने आज प्रदेश के शहरों में शीतलहर का हल्का प्रभाव रहने की संभावना जताई है। 2 जनवरी यानी कल से इस कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आसमान साफ होगा, धूप खिलेगी और शीतलहर भी चलनी कम हो जाएगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में कल से दो बैक-टू-बैकवेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने से ऐसा होगा। क्योंकि इन सिस्टम के आने से उत्तर से आने वाली हवा रूक जाएगी, जिससे दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। दिन में आसमान साफ होने के साथ तेज धूप निकलेगी। 8 शहरों में दिन का पारा 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे राजस्थान में कल घने कोहरे और शीतलहर से पूरे उत्तर-पूर्वी राजस्थान में कड़ाके की सर्दी रही। सबसे सर्द दोपहर कल सीकर, अलवर, हनुमानगढ़ और गंगानगर में रही, जहां दिन का अधिकतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। हनुमानगढ़ में कल अधिकतम तापमान 12.3, अलवर में 12.4, सीकर में 12.5 और गंगागनर में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसी तरह धौलपुर में 13.9 और जयपुर-फतेहपुर में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू से ज्यादा ठंडा जयपुर का दिन राजस्थान की राजधानी जयपुर में का दिन हिल स्टेशन माउंट आबू से भी ज्यादा ठंडा रहा। माउंट आबू में कल दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि जयपुर में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहा। जयपुर के अधिकांश हिस्सों में कल शाम 4 बजे तक लोगों को सूरज नहीं दिखा। आसमान में घना कोहरा छाने के साथ ही सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन रही। ये जयपुर में सीजन का सबसे ठंडा दिन भी रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले जयपुर में कभी इतना कम अधिकतम तापमान दर्ज नहीं हुआ। बाड़मेर-जैसलमेर में खिली धूप, सर्दी से राहत पश्चिमी राजस्थान में कल दिन में धूप खिलने से यहां के शहरों का अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। बाड़मेर में कल अधिकतम तापमान 27.6, जोधपुर में 26.8, जैसलमेर में 24 और फलौदी में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? जयपुर मौसम केन्द्र ने आज प्रदेश के शहरों में शीतलहर का हल्का प्रभाव रहने और उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने की संभावना जताई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *