अमेरिकी राष्ट्रपति डाेनाल्ड ट्रंप की ओर से छेड़े गए टैरिफ वार का असर राजस्थान से होने वाले 17 हजार करोड़ के निर्यात पर भी पड़ सकता है। प्रदेश से सालाना करीब 84 हजार कराेड़ के रत्न-आभूषण, हैंडीक्राफ्ट और गारमेंट का निर्यात होता है। इसमें से करीब 20% यानी 17 हजार कराेड़ का माल अमेरिका जाता है। बता दें, ट्रंप ने बुधवार काे भारत समेत अन्य देशाें के उत्पादाें पर 2 अप्रैल से रेसिप्रोकल यानी समानुपातिक टैरिफ की घाेषणा की है। यानी भारत अमेरिकी माल के आयात पर जिस दर से इंपोर्ट ड्यूटी लेता है, उस वस्तु पर अमेरिका भी उतनी ही ड्यूटी वसूलेगा। इससे भारत से अमेरिका में मंगवाए जाने वाले उत्पादाें पर इम्पाेर्ट ड्यूटी दाेगुनी तक हाेने की आशंका है। इससे भारतीय उत्पाद अमेरिका में महंगे पड़ेंगे और वहां के खरीदार ऐसे देशाें से खरीद करेंगे, जहां के उत्पादाें पर इम्पाेर्ट ड्यूटी कम हाेगी। अमेरिकी खरीदार भेजे माल की डिलीवरी लेने से कर सकते हैं इंकार राजस्थान हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स ज्वाइंट फोरम के को-ऑर्डिनेटर नवनीत झालानी का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल से रेसिप्रोकल टैरिफ नीति लागू करने की घोषणा का असर हाल के दिनाें में समुद्र मार्ग से भेजे गए कंटेनराें पड़ेगा। यह कंटेनर अभी जहाज पर चढ़े या चढ़ाए जाने हैं। इसका मतलब यह 2 अप्रैल बाद अमेरिका पहुंचेंगे, जबकि अमेरिकी खरीदाराें ने ऑर्डर पुराने टैरिफ से दिए हैं। टैरिफ बढ़ने पर खरीदार डिलीवरी लेने से मना कर सकते हैं। इससे निर्यातक वित्तीय संकट में फंस जाएंगे। जेम्स-ज्वैलरी पर इम्पाेर्ट पर ड्यूटी 5.6% है
रत्न-आभूषण निर्यातकाें की नजर भारत-अमेरिका डील पर आभूषण निर्यातक के.बी गोयल का कहना है कि अभी अमेरिका में जेम्स-ज्वैलरी पर इम्पाेर्ट पर ड्यूटी 5.6% है। यदि अमेरिका में ड्यूटी बढ़ती है तो हमें अमेरिका से गोल्ड इम्पाेर्ट बढ़ाकर इसे बैलेंस करना चाहिए। अमेरिका में गोल्ड माइनिंग और रिफाइनिंग दोनों होती है। हालांकि, अभी हमारी नजर दोनों देशों की आगे हाेने वाली डील है। लेकिन ड्यूटी बढ़ने से निर्यात पर असर हाेगा। अभी प्रदेश से करीब 11,184 कराेड़ के रत्न-आभूषण का निर्यात हाे रहा है। इसमें आधा अमेरिका काे जाता है। ड्यूटी बढ़ी ताे घटेगा गारमेंट निर्यात
“अमेरिका में गारमेंट और होम टेक्सटाइल पर इम्पाेर्ट ड्यूटी डवलप और डवलपिंग कंट्री के लिए अलग-अलग है। हमारे गारमेंट और होम टेक्सटाइल पर 10 से 12 फीसदी इम्पाेर्ट ड्यूटी लगती है। 2 अप्रेल से अमेरिका में इम्पाेर्ट ड्यूटी में इजाफा होता है, तो राजस्थान के गारमेंट निर्यातकाें के सामने चुनौती होगी। वर्ष 2023-24 में प्रदेश से कुल 2,751 कराेड़ रुपए के गारमेंट का निर्यात किया गया था।” -रक्षित पोद्दार, गारमेंट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष


