पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत इछावर में कार्यक्रम एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री वर्मा ने इछावर में निर्मित अमृत पार्क का लोकार्पण और तीन स्थानों पर बनने वाले सार्वजनिक स्वच्छता परिसरों का शिलान्यास किया। मंत्री वर्मा ने सरकार की योजनाएं गिनाई राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का सपना था कि देश के प्रत्येक गांव में सड़क हो और किसानों के सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हों। इस सपने को पूरा करने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे देश का वर्चस्व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहा है। सरकार सबका साथ, सबका विकास करने की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। उनके लिए अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत बहनों को 1250 रूपए प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। राजस्व मंत्री वर्मा ने बताया कि सरकार गरीबों के लिए आयुष्मान भारत योजना चला रही है। जिससे गरीब से गरीब व्यक्ति भी बड़े से बडे़ निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। गरीबों के स्वयं के पक्के घर के सपने को साकार करने के लिए सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई जा रही है। उन्होंने मंच से सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को अपने राजस्व संबंधी कार्यों और अन्य योजनाओं के लाभ के लिए परेशान न होना पडे़। जो अधिकारी अपने कर्तव्य पालन के लापरवाही करेंगे उन सख्त कार्यवाही की जाएगी।


