मध्य प्रदेश में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा एक महिला नायब तहसीलदार पर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में तहसीलदार और नायब तहसीलदार तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। सोमवार से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। इसके बुधवार तक चलने की संभावना है। बता दें कि सीहोर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री की टिप्पणी के बाद से प्रदेश भर के तहसीलदारों में आक्रोश व्याप्त है। इस विरोध के कारण तहसील कार्यालयों में तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की कुर्सियां खाली रहीं, जिससे राजस्व संबंधी कार्य पूरी तरह से प्रभावित हुए हैं। मध्य प्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के पदाधिकारी शशांक दुबे के अनुसार, अधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की है। यह हड़ताल प्रदेश स्तर पर चल रही है और बुधवार को भी सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार काम नहीं करेंगे।


