भास्कर न्यूज | अमृतसर खुद को माता का सबसे बड़ा भक्त बताने वाले राकेश कुमार त्रेहन उर्फ राजा द किंग के खिलाफ थाना मजीठा रोड पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस कमिश्नर के पास करीब 5 शिकायतें पहुंची थी, जिनकी जांच करने के बाद केस दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपी पिछले कुछ दिन से विवादों में था। वह लॉरेंस रोड के साथ-साथ शहर के कई जाने माने होटलों में लंगर लगाकर खुद को माता रानी का भक्त कहता था। आरोपी के भगवान शनि देव, हनुमान जी, यमराज व अन्य देवी-देवताओं के बारे कई अपशब्द कहने के वीडियो वायरल हुए थे। इसके अलावा श्री गुरु नानक देव जी के बारे में टिप्पणी की थी। थाना मजीठा रोड की पुलिस ने दीपक शर्मा निवासी भल्ला कॉलोनी छेहर्टा की शिकायत पर यह केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि राकेश कुमार त्रेहन भगवान शिव, भगवान विष्णु, भगवान ब्रह्म जी, यमराज आदि के बारे अपशब्द बोले और गालियां भी निकाली। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। एडीसीपी स्पेशल की जांच में सामने आया कि उक्त युवक के खिलाफ भाजपा नेता गुरप्रताप सिंह टिक्का की ओर से भी शिकायत की गई थी, जिसमें उसने एक युवक की तुलना श्री गुरु नानक देव जी से कर दी थी।


