राजिम| राजिम कुंभ कल्प मेला के संत समागम स्थल में वैदिक मंत्रोच्चार और गूंजते जयकारों के बीच हनुमत महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। यज्ञ प्रारंभ होने से पूर्व श्री पटेश्वर सेवा संस्थान के बालयोगी राम बालकदास के नेतृत्व में श्रद्धापूर्वक कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कलश यात्रा के पश्चात विधि-विधान से यज्ञशाला में कलश स्थापना की गई। इस दौरान श्रद्धालु रामभजन गाते हुए भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। संत समागम स्थल ‘‘जय श्रीराम’’ और ‘‘हनुमान जी के जयकारों’’ के साथ वैदिक मंत्रों से गुंजायमान हो उठा। यह महायज्ञ 11 से 15 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगा। आयोजनकर्ता राम बालकदास महाराज ने बताया कि महायज्ञ के दौरान श्री हनुमत सहस्त्रनाम एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा।


