राज्यपाल ने ली अधिकारियों की बैठक, योजनाओं की समीक्षा:PGVT क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश,  दीदीयों एवं छात्राओं से की चर्चा

सरगुजा। राज्यपाल रमेन डेका सोमवार को सरगुजा जिले के प्रवास पर रहे। उन्होंने लखनपुर जनपद पंचायत सभाकक्ष में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और ब्लॉक में चल रहे विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी ली। राज्यपाल ने मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया। राज्यपाल डेका ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक विकास, वित्तीय समावेश तथा बुनियादी ढांचे के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया कि इनका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करें। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। हर गांव में जल संरक्षण के निर्देश
राज्यपाल डेका ने जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए सभी गांव में डबरी निर्माण, सोखता गड्ढा, इंटक वेल का कार्य तेज से कराने कहा। डेका ने कहा कि इससे मछली पालन भी हो सकेगा। उन्होंने पशु पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। राज्यपाल डेका ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी काम करने के साथ ही हेलमेट और यातायात नियमों को लेकर जागरूक करने का भी निर्देश दिया। मेधावी छात्रा का सम्मान
राज्यपाल रमेन डेका ने लखनपुर ब्लाक से दसवीं कक्षा में जिले में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर भूमिका रजवाड़े को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया व शुभकामनाएं दी। उन्होंने जनपद पंचायत परिसर में एक पेड़ मां के नाम पौधा रोपण भी किया। राज्यपाल ने कुपोषित बच्चों की पहचान एवं सघन मॉनिटरिंग करने, न्यू बॉर्न केयर यूनिट में भर्ती और पोषण ट्रैकर से निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मितानिन, महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय से डेटा एकत्र करने कहा। बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, कलेक्टर विलास भोसकर, एसपी राजेश अग्रवाल सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। पीएम आवास योजना के हितग्राहियों का सम्मानित
राज्यपाल रमेन डेका ने लखनपुर ब्लॉक के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने स्व सहायता समूह की दीदियों से भी मुलाकात की एवं दीदियों द्वारा निर्मित सामानों का अवलोकन किया। दीदियों द्वारा बनाए गए सजावटी सामग्रियों, बेकरी उत्पादों, कोसा शॉल, बोरा आदि का अवलोकन कर लागत एवं आय की जानकारी ली। रजपुरी आवासीय स्कूल को दिए पांच कंप्यूटर सिस्टम
राज्यपाल रमेन डेका ने रजपुरीकला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंच छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है। आप जो सपना देख रहें हैं, उसे साकार करने के लिए मेहनत करना होगा। अपना लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी के साथ आगे बढ़े, मन लगाकर पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों को कहा कि शिक्षक बच्चों को राह दिखाते हैं, इसलिए शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को समझें, बच्चों के प्रति अच्छा व्यवहार रखें। छात्राओं की मांग पर राज्यपाल डेका ने स्कूल को 5 कम्प्यूटर सिस्टम प्रदान करने की घोषणा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *