झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। बादल छाने की वजह से पिछले 24 घंटे में रांची सहित 15 जिलों का तापमान 2 डिग्री तक बढ़ गया। सोमवार को भी लोगों को कंपकंपाती ठंड से राहत मिली। दिन में खिली धूप में गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि, सुबह में रांची सहित अधिकतर जिलों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इस वजह से सुबह में कई ट्रेनें देरी से रांची पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन, मंगलवार से आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान गिरेगा। अगले चार दिनों में पारा में चार डिग्री की गिरावट आ सकती है। 10 जनवरी तक सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहेगा। रांची में अभी भी सबसे ठंडा कांके, पारा 4 डिग्री रांची में अभी भी सबसे ठंडा क्षेत्र कांके बना हुआ है। बिरसा कृषि मौसम केन्द्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में कांके का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कांके में सोमवार को भी ओस की बूंदें जमी हुई दिखीं। वहीं, मैक्लुस्कीगंज में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।


