राज्य बजट पर भाजपा-आरएलपी के बीच बयानबाजी:ज्योति मिर्धा बोलीं- अग्रणी राजस्थान बनेगा; हनुमान बेनीवाल ने बताया आंकड़ों का मायाजाल

वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को प्रदेश सरकार का वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। बजट में नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले के लिए भी कई घोषणाएं हुई हैं। बजट को लेकर भाजपा, कांग्रेस व रालोपा के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रमुख व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बजट को लेकर कहा- राजस्थान विधानसभा में पेश किए गए बजट में जन-सरोकार व जनभावना का अभाव नजर आया। उन्होंने कहा- राज्य सरकार ने विगत बजट की अधिकतर घोषणाओं को ही पूरा नहीं किया और फिर से राजस्थान की जनता को आंकड़ों के मायाजाल में गुमराह करने का प्रयास किया गया है। किसानों को खातेदारी में खनन पट्‌टे देने को नजरअंदाज किया- हनुमान बेनीवाल उन्होंने कहा- बजट भाषण में बाजरे का जिक्र हुआ लेकिन दुर्भाग्य इस बात का है कि राजस्थान में बहुतायत में होने वाले बाजरे को एमएसपी के दायरे में होने के बावजूद एमएसपी पर खरीदा नहीं जा रहा है। विगत बजट के अनुमान के अनुसार राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य भी पूरा नहीं हुआ। राजस्थान सरकार का वित्तीय कुप्रबंधन जगजाहिर है और बजट को पढ़कर ऐसा लगा कि सरकार ने केवल राज्य को कर्ज के बोझ में लादने के अलावा कोई नया काम नहीं किया है। आम आदमी की अपेक्षाओं पर यह बजट खरा नहीं उतरा है। प्रदेश सरकार ने सत्ता के घमंड में आम आदमी और गरीब वर्ग के हितों को इस बजट में दरकिनार कर दिया है। किसानों को अपनी खातेदारी में छोटे खनन पट्टे देने की बात को भी इस बजट में नजरअंदाज किया गया है। नागौर के विकास को पंख लगेंगे- मिर्धा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा ने कहा- प्रदेश सरकार का आम बजट 2025-26 एक समावेशी व ऐतिहासिक बजट है। इस बजट में प्रदेश की आधारभूत संरचना को मजबूत करने का प्रावधान किया गया है। बजट में युवाओं के लिए सवा लाख सरकारी तथा प्राइवेट सेक्टर में डेढ़ लाख नौकरियां देने की ऐतिहासिक घोषणा की गई है। प्रदेश में 5 लाख नए घरेलू बिजली कनेक्शन और 5 हजार नए कृषि कनेक्शन दिए जाने से आमजन के साथ-साथ किसानों को राहत मिलेगी। नागौर में 52 करोड़ की लागत से खरनाल-बरणगांव-बासनी-सिंगड़-गोगानाडा-अलाय-कालड़ी-जखानिया-श्रीबालाजी-बुकर्म सोता-बायाजी का रोहिड़ा-सेवड़ी-बोरडी का कुआं-पिंपासर-रोहिणी 96 किमी सड़क के चौड़ाईकरण व शुद्धिकरण कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा शहरी जल योजना नगर परिषद नागौर की सीमा क्षेत्र से बाहर बसी आबादी को पेयजल सप्लाई से लाभान्वित करने के लिए 17 करोड़ 94 लाख रुपए की जल योजना, नागौर में 765 केवी जीएसएस, मूंडवा नगरपालिका क्षेत्र में नया आईटीआई कॉलेज खोलने तथा नागौर राजकीय स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक व ग्रास ग्राउंड डवलप करने सहित दर्जनों सौगातें दिए जाने की घोषणा की गई हैं, इससे नागौर के विकास को पंख लग जाएंगे। हर वर्ग को फायदा देगा ये बजट- रेवंतराम डांगा खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा ने कहा कि 100 से बढ़ाकर 150 यूनिट मुफ्त बिजली देने जैसी घोषणा से आमजन को राहत, रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को 125000 नौकरियां, किसानों के लिए 50000 कृषि कनेक्शन, किसान सम्मान निधि की राशि में वृद्धि जैसी कई किसान कल्याणकारी घोषणाएं, महिलाओं को प्रोत्साहन, एससी/एसटी वर्ग को विशेष प्राथमिकता देने वाला प्रदेश का यह बजट निश्चित रूप से हर वर्ग को लाभान्वित करेगा। साथ ही आधारभूत संरचना को मजबूती देने वाला बजट है। बजट में अनेकानेक जनकल्याणकारी घोषणाएं की गई हैं। ये बजट खुशहाल राजस्थान का बजट है। कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा ने कहा कि बजट में प्रदेश के लिए विजन की बजाय पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप ही दिखाई दिए हैं। बजट भाषण में वित्त मंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल के दाम‌ कम करने की गारंटी की हवा निकाल दी है। यह दिखाता है कि मोदी की गारंटी पूरी तरह खोखली हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में बाजरे की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद व गेहूं की 2700 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद की गारंटी दी गई पर इस बजट में बाजरे की खरीद का कोई जिक्र नहीं हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *