सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड भाजपा के चास नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक जिलाध्यक्ष जयदेव राय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सह कोडरमा के पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र राय, धनबाद विधायक राज सिन्हा, चंदनकियारी के पूर्व विधायक अमर बाउरी और बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी शहरी निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तय करना रहा। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र राय ने कहा कि भाजपा नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर और शीघ्र कराने की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले से ही ईवीएम से दलीय आधार पर चुनाव कराने की मांग करती रही है, लेकिन सरकार में शामिल दल निष्पक्ष चुनाव नहीं कराना चाहती, इसी वजह से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की कोशिश की जा रही है, जो उचित नहीं है। डॉ. राय ने कहा कि भाजपा सरकार पर लगातार दबाव बनाएगी ताकि राज्य में शहरी निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराए जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से वार्ड और मेयर पद के संभावित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर संपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। बैठक में धीरज झा, संजय त्यागी, टिंकू तापड़िया, अशोक कुमार पप्पू, आरती राणा, मुकेश राय, अर्चना सिंह, ऋतु रानी सिंह, आदि थे।


