डूंगरपुर में राज्य सरकार के कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आरोग्य शिविरों का आयोजन किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल सहित सभी चिकित्सा संस्थानों में ये शिविर लगाए गए। जिला अस्पताल में आयोजित जिला स्तरीय आरोग्य शिविर में मरीजों को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य जांच और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। नेत्र, हृदय और फिजिशियन सहित विभिन्न रोग विशेषज्ञों ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और दवाओं का वितरण किया। इसके साथ ही, डूंगरपुर जिला अस्पताल, सागवाड़ा और सीमलवाड़ा अस्पतालों में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। पूर्व सांसद कनकमल कटारा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईडा और सभापति अमृतलाल कलासुआ ने जिला स्तरीय आरोग्य और रक्तदान शिविरों का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया और रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।


