राज्य सरकार शहरी निकायों के लिए 87 शव वाहन खरीदेगी, हर नगर निगम को मिलेगा तीन-तीन वाहन

राज्य सरकार शहरों के लिए 87 शव वाहन खरीदेगी। नगर विकास विभाग ने राज्य के सभी शहरी निकायों के लिए शव वाहन खरीदने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। प्रस्ताव के अनुसार राज्य के 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 20 नगर पंचायत अधिसूचित क्षेत्रों के लिए शव वाहन खरीदे जाएंगे। इसमें प्रत्येक नगर निगम को 3-3 वाहन, नगर परिषद को 2-2 वाहन और नगर पंचायत को 1-1 वाहन दिया जाएगा। वाहन की खरीदारी पर करीब 16 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। विभाग के अनुसार शहरी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण के कारण ऐसी सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही है। सामान्य तौर पर दाह संस्कार स्थल और श्मशान शहर से दूर होते हैं। ऐसे में भीड़-भाड़ और दूरी के कारण शव को सम्मानपूर्वक वहां तक ले जाने में शोक संतप्त परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी परेशानी को कम करने और शव को सम्मानजनक तरीके से श्मशान तक पहुंचाने के लिए अंतिम यात्रा वाहनों की खरीद की जा रही है। डेड बॉडी फ्रिज और पोर्टेबल स्ट्रेचर भी होगा वाहन में अंतिम यात्रा वाहन के केबिन की लंबाई 2700 एमएम या उससे अधिक, चौड़ाई 1700 एमएम या उससे अधिक और ऊंचाई 2300 एमएम तक होगी। केबिन में मृत शरीर के साथ 4 से 5 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा केबिन में लाइट और पंखे की सुविधा होगी। वाहन में डेड बॉडी फ्रिजर, फ्रिजर के लिए हैंडल और पोर्टेबल स्ट्रेचर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इन वाहनों का संचालन और रखरखाव शहरी स्थानीय निकायों द्वारा किया जाएगा। जेम पोर्टल के माध्यम से होगी खरीद… जानकारी के मुताबिक इन वाहनों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से जुडको लिमिटेड द्वारा की जाएगी। इसमें बोली लगाने वाली कंपनियों से निगोसिएशन कर न्यूनतम दर पर वाहनों की खरीद की जाएगी। सभी शहरी स्थानीय निकायों को झारखंड नगरपालिका अधिनियम के बजट संबंधी प्रावधानों का पालन करना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *