सिरोही के पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्राओं ने राज्य स्तरीय प्रबल कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। यह कार्यक्रम शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में आयोजित किया गया था। कार्यवाहक प्रधानाचार्य वर्षा त्रिवेदी और पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के 41 जिलों से कुल 158 विद्यार्थी, मेंटर शिक्षक, राज्य स्तरीय संदर्भ व्यक्ति और अधिकारियों ने भाग लिया। राजस्थान विधानसभा में “राजस्थान युवा सभा” नामक एक मॉक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रभावी चर्चा हुई। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होकर समापन तक चला। राव ने जानकारी दी कि प्रबल कार्यक्रम का आयोजन स्कूल , ब्लॉक और जिला स्तर पर चरणबद्ध तरीके से किया गया था। इसमें प्रतिभागियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजरना पड़ा। सिरोही जिले से चयनित तीनों प्रतिभाओं को मेंटर फूलाराम गर्ग ने प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिरोही जिले का प्रतिनिधित्व फाल्गुनी यादव (स्वरूपगंज बालिका स्कूल ), अशोक कुमार माली (नवीन भवन, सिरोही) और विशाल परमार (उच्च माध्यमिक स्कूल , पिंडवाड़ा) ने किया। फाल्गुनी यादव का पहला प्रेजेंटेशन विशेष रूप से सराहा गया और वह चर्चा में रहा।
इस दौरान दिनेश कुमार सुथार, कल्पना चौहान, कुसुम परमार, ममता कोठारी, शर्मिला डाबी, श्रद्धा सिंदल, कीर्ति सोलंकी सहित स्कूल की कई छात्राएं उपस्थित थीं। जिले की प्रतिभाओं की राज्य स्तरीय मंच पर सहभागिता ने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया।


