जालंधर| मंगलवार को जालंधर में पूरा दिन हवाओं की गति तेज रही है। इससे पहले सोमवार रात 9 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से शीतलहर चली। मंगलवार को सुबह 8 से 11 बजे तक लगातार ठंडी हवाओं के थपेड़ों से चुनौती मिली है। फिर पूरा दिन धूप खिली और अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंच गया। रात के तापमान में 2 डिग्री का इजाफा हुआ और रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बावजूद शीतलहर चलने से सर्दी का अहसास हुआ। जालंधर में फिलहाल बारिश के आसार नहीं है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन दिन मौसम ड्राई रहेगा। मंगलवार को जालंधर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 247 रिकॉर्ड किया गया, जोकि बीते 48 घंटे 263 पर टिका हुआ था। दिन की गर्मी के बीच शहरी प्रदूषण के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स सामान्य से अधिक चल रहा है। मौसमी चुनौती के कारण गला खराब और खांसी की परेशानी जालंधर के लोग झेल रहे हैं।


