रात में गर्ल्स हॉस्टल में रुकीं बड़वानी कलेक्टर:छात्राओं से सहेली की तरह की बातचीत, बातों-बातों में पूछी परेशानी

बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने बुधवार रात ग्राम आमदा के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया। इससे पहले, कलेक्टर ने ग्राम टेमला में आयोजित ‘रात्रि चौपाल’ में भी हिस्सा लिया। छात्रावास में कलेक्टर ने मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रात का भोजन भी छात्राओं के साथ किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई और छात्रावास में रहने के दौरान आने वाली किसी भी कठिनाई के बारे में जानकारी ली।
छात्राओं ने कलेक्टर से पढ़ाई के दौरान सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास बनाए रखने के तरीकों के साथ-साथ कलेक्टर जैसे उच्च पद पर पहुंचने के संबंध में प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने सहजता से उनके सवालों के जवाब दिए और उन्हें शिक्षा के महत्व को समझाते हुए कहा कि शिक्षा में सबसे अधिक शक्ति होती है, जिससे पूरी दुनिया को बदला जा सकता है। उन्होंने जोर दिया कि छात्रावास में रहने वाली प्रत्येक बालिका को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जिससे वह बिना किसी तनाव के अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सके। इससे पूर्व, कलेक्टर जयति सिंह जनपद पंचायत पानसेमल की ग्राम पंचायत टेमला में आयोजित ‘रात्रि चौपाल’ में पहुंचीं। उन्होंने क्रियाशील पंचायत भवन टेमला का भी निरीक्षण किया। चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलेक्टर ने कृषि के अंतर्गत जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी फसलों, प्रसंस्करण, पशुपालन, दूध उत्पादन, आजीविका मिशन के तहत महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, तथा स्वास्थ्य के अंतर्गत आयुष्मान योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। ग्रामीणों ने इस दौरान बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी समस्याओं और अनुभवों को भी बताया। प्राप्त शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनका निराकरण समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के जिला व विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *