सिटी रिपोर्टर | रांची श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रातू रोड स्थित बिरला मैदान में बुधवार को कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति द्वारा दही-हांडी फोड़ो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसमें कुल आठ महिला और पुरुष गोविंदा टीमों ने भाग लेकर अपनी एकता, साहस और समर्पण का शानदार प्रदर्शन किया। राधा रानी मंडल मांडर की महिला गोविंदा टीम ने 17 फीट ऊंची टंगी दही-हांडी को 32.90 सेकेंड में फोड़कर 31 हजार का प्रथम पुरस्कार जीता। दूसरे स्थान पर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की टीम रही। पुरुष गोविंदा बजरंग दल मालती मांडर की टीम ने 25 फीट ऊंची टंगी मटकी को 19.69 सेकेंड में फोड़कर प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपए जीता। दूसरे स्थान पर योगा एसोसिएशन रांची व तीसरे स्थान श्री राम सेवा समिति की टीम रही। दूसरे स्थान को 21 हजार व तीसरे स्थान वाले टीम को 11 हजार रुपए का इनाम दिया गया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। शाम 5.30 से 6.30 बजे तक श्रीराधा-कृष्ण की जीवंत झांकी प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रात 8 से 9:30 बजे तक मटका फोड़ो प्रतियोगिता का मुख्य कार्यक्रम हुआ। मैदान में “गोविंदा आला रे आला” और “मटकी फोड़” जैसे गीतों की गूंज के बीच टीमें मटकी फोड़ने के लिए प्रयासरत रहीं। विजेता टीम को नकद व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में श्रीराम सेवा समिति, योगा एसोसिएशन, राधा रानी ग्रुप, बजरंगदल मांडर सहित अन्य गोविंदा टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों ने उत्साह और अनुशासन के साथ खेल भावना का परिचय दिया। विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन रात 10 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। मौके पर कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति के अध्यक्ष उत्तम यादव, मुख्य संरक्षक मृत्युंजय सिंह, महासचिव श्रीप्रेम प्रतीक बमबारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। मटकी फोड़ते महिला गोविंदा की टीम।


