राधास्वामी वार्षिक सत्संग के लिए श्रीगंगानगर से निकलने वाली दो ट्रेनों को श्योदासपुरा-पदमपुरा रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिया गया है। इससे इस स्टेशन से यात्री ट्रेन पकड़ सकेंगे। यह ठहराव 11 जनवरी से 16 जनवरी के बीच अलग-अलग तिथियों पर करवाया जाएगा। श्रीगंगानगर से निकलने वाली श्रीगंगानगर-कोटा ट्रेन और श्रीगंगानगर-झालावाड़ सिटी ट्रेन पर असर पड़ेगा। दोनों ट्रेनों को दो मिनट के लिए इस स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि श्रीगंगानगर-कोटा एक्सप्रेस रेलसेवा दस जनवरी, 12 जनवरी व 13 जनवरी को श्रीगंगानगर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन श्योदासपुरा पदमपुरा स्टेशन पर शाम 5.58 बजे पहुंचेगी और 6.00 बजे वहां से रवाना हो जाएगी। इसी तरह श्रीगंगानगर-झालावाड सिटी एक्सप्रेस ट्रेन भी 11 जनवरी, 14 जनवरी और 15 जनवरी को श्रीगंगानगर से रवाना होगी। यह ट्रेन भी श्योदासपुरा पदमपुरा स्टेशन पर शाम 05.58 बजे पहुंचकर यहां से शाम छह बजे रवाना होगी। श्रीगंगानगर जिले में राधा स्वामी सत्संग के बड़ी संख्या में श्रद्धालु हैं।


