रामगढ़ के कुजू में बालू कारोबारी के घर फायरिंग:गेट, खिड़की और गाड़ी पर लगी गोलियां, राहुल दुबे गिरोह ने पर्चा छोड़ मांगा ₹ 10 करोड़

रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र स्थित नया मोड़ इलाके में सोमवार की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बालू कारोबारी डब्बू सिंह उर्फ सागर सिंह के आवास पर नकाबपोश अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बाइक पर सवार दो अपराधियों ने घर को निशाना बनाया। उन्होंने करीब 7 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। आसपास के लोग घरों में दुबक गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल का नुकसान नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। गेट, खिड़की और गाड़ी पर लगी गोलियां सूत्रों के अनुसार, अपराधियों की ओर से चलाई गई गोलियों में चार गोलियां आवास के मुख्य गेट पर, दो गोलियां पार्किंग में खड़ी महिंद्रा थार गाड़ी पर, जबकि एक गोली घर की खिड़की में लगी है। यह घटना कुजू सीसीएल क्षेत्रीय चिकित्सालय कार्यालय के समीप हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। बाद में घटनास्थल से राहुल दुबे गिरोह के नाम का एक हस्तलिखित लेवी पर्चा भी बरामद हुआ। पर्चे में बालू कारोबारी से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। बालू टेंडर को लेकर चलाई गोलियां पीड़ित डब्बू सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हाल ही में रामगढ़ जिले का बालू टेंडर लिया है। इसके बाद से ही राहुल दुबे गिरोह की ओर से लगातार हर महीने 10 करोड़ रुपए की मांग की जा रही थी। सोमवार की देर शाम इसी दबाव और रंगदारी को लेकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके पर पहुंचे रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *