रामगढ़ पुलिस ने छह अपराधियों को किया गिरफ्तार:दयाल स्टील फैक्ट्री लूट मामले में हुई कार्रवाई, 1.03 लाख रुपए नगद बरामद

रामगढ़ पुलिस ने दयाल स्टील फैक्ट्री में हुई लूटपाट के मामले में छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 1.03 लाख रुपए नगद और लूटे गए सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है। यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के चाहा स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में हुई थी। 10-12 अज्ञात अपराधियों ने फैक्ट्री की चाहरदीवारी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से सामान लूटकर चार पहिया वाहन में लादकर फरार हो गए थे। इस संबंध में रामगढ़ थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एक और लूट की वारदात को अंजाम देने की थी सूचना गठित टीम घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसी क्रम में 22 जनवरी 2026 को रामगढ़ पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि दयाल स्टील फैक्ट्री में लूटपाट में शामिल अपराधी एनएच-23 स्थित बारलौंग छतरमाण्डु क्षेत्र से कुज्जू में एक और लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल SIT को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छतरमाण्डु के पास चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान रामगढ़ की ओर आ रही एक बिना नंबर प्लेट की बोलेरो गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी मोड़ने और भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर बोलेरो को रोक लिया। गाड़ी में सवार छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अख्तर (गोमिया, बोकारो), सन्नी कुमार (गोमिया), रणधीर कुमार (हजारीबाग), नागेश्वर बेलदार (गोमिया, बोकारो), पंकज कुमार और गौरी कुमार (पिता रामबाबू, स्टेशन रोड, गोमिया, बोकारो) के रूप में बताई। गौरी कुमार की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और 1,03,000 रुपए नगद बरामद हुए। बरामद कट्टा और गाड़ी के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। नगद राशि के बारे में पूछने पर गौरी कुमार ने बताया कि यह दयाल स्टील फैक्ट्री से लूटे गए सामानों को बेचने से मिली थी। इसके बाद सभी छह व्यक्तियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर हजारीबाग जिले के ईचाक थाना अंतर्गत करियातपुर स्थित मुकेश कसेरा (पिता किसुन प्रसाद कसेरा) के घर से लूटे गए सामान बरामद किए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *