रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुरम कला में एक परिवार के कुंभ मेले में जाने का फायदा उठाते हुए चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक मिथिलेश महतो के बंद घर से करीब डेढ़ लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और महत्वपूर्ण जमीन के दस्तावेज चोरी हो गए। घटना रात करीब 11 बजे की है। मकान मालिक की मां सालखों देवी ने रात में घर में खटपट की आवाज सुनी। जब उन्होंने दरवाजा खोला तो एक युवक को भागते हुए देखा, जिसकी उम्र करीब 16-17 साल की थी। चोर ने घर का मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब डेढ़ सौ ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी के जेवरात और जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। सालखों देवी ने तुरंत बगल में रहने वाले अपने दूसरे बेटे किशोर महतो को सूचित किया, जिन्होंने कुंभ गए अपने भाई मिथिलेश को घटना की जानकारी दी। पुलिस को सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। स्थानीय लोगों में इस घटना से दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा नियमित गश्त नहीं किए जाने के कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।


