रामगढ़ में बोरा गोदाम में भीषण आग:बाजार टांड़ जगदीश नगर में मची अफरा-तफरी, पूरा गोदाम जलकर राख

रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाजार टांड़ जगदीश नगर में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बोरा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में गोदाम जलकर राख हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं सूचना पर दमकल विभाग और रामगढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बगल की मिक्सर फैक्ट्री बची, घर को हुआ नुकसान यह आग संतोष अग्रवाल की बोरा फैक्ट्री में लगी थी। चंद मिनटों में आग पूरे गोदाम में फैल गई, जिससे वहां रखा सारा सामान जल गया। राहत की बात यह रही कि गोदाम के ठीक बगल में स्थित मिक्सर फैक्ट्री तक आग नहीं पहुंच सकी, जिससे एक बड़ा औद्योगिक नुकसान टल गया। हालांकि गोदाम से सटे एक आवासीय घर को आग की चपेट झेलनी पड़ी। घर के बाहर लगे एसी, वॉशिंग मशीन और गीजर पूरी तरह जल गए। आग के कारण घर के अंदर तक धुआं भर गया, जिससे आसपास के लोगों को अपने-अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग और भी बड़े इलाके में फैल सकती थी। दमकल को आग बुझाने में आई परेशानी आग बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फैक्ट्री के गेट और दीवारें काफी मजबूत होने के कारण उन्हें तोड़कर भीतर पहुंचने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए जेसीबी मशीन मंगाने की मांग भी की। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह भी सामने आया है कि बोरा फैक्ट्री में आग से बचाव के लिए कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। फैक्ट्री मालिक संतोष अग्रवाल ने बताया कि उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने आग की भयावह स्थिति देखी और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *