रामगढ़ में सीसीएल कर्मी की दर्दनाक मौत:डंपर का चक्का शरीर में चढ़ा, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

रामगढ़ जिले के घाटों ओपी क्षेत्र के लइयो में सीसीएल में डंपर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत अनिल महतो की मौत वाहन के पिछले चक्के से कुचलकर हो गई। घटना के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने अनिल को तत्काल लइयो खदान से बाहर निकालकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब अनिल महतो ड्यूटी के दौरान वाहन के निकट मौजूद थे। तभी एक डंपर अचानक पीछे की ओर बढ़ा और उसका पिछला चक्का सीधे अनिल के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतनी तेज और अचानक हुआ कि आसपास के लोग संभल भी नहीं पाए। अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद सीसीएल प्रबंधन ने घायल कर्मचारी को तुरंत रामगढ़ नई सराय स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिल महतो को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से खबर बाहर आते ही सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।अनिल महतो कई वर्षों से सीसीएल में डंपर ऑपरेटर के रूप में तैनात थे। परिजनों को घटना की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। पुराने वाहन और लापरवाही की वजह से हुई मौत हादसे के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों ने सीसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जिस वाहन से हादसा हुआ, वह काफी पुराना था और उसे समय पर बदला नहीं गया।लोगों का कहना है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई बार कर्मचारियों ने भी पुराने वाहनों और सुरक्षा खामियों की शिकायत की, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का नतीजा आज एक कर्मचारी की मौत के रूप में सामने आया है।लोगों ने मांग की है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो और खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। शव पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया इधर, सीसीएल प्रबंधन ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अनिल महतो के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।परिजनों को मुआवजा और अन्य सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *