महाराष्ट्र पुलिस ने रामगढ़ पुलिस के सहयोग से एक युवक को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बुधवार को रामगढ़ शहर के वार्ड नंबर आठ स्थित पंजाबी मुहल्ला से हुई। युवक पर 79 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। गिरफ्तार युवक की पहचान पंजाबी मुहल्ला निवासी आशीष सिंह, पिता नवीन सिंह के रूप में हुई है। यह मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ कैंट, झारखंड में सामने आया है। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडे ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया कि ठगी की राशि में से कुछ रकम आशीष सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। आशीष सिंह के खाते में 49 लाख रुपए आए थे, जिन्हें उसी दिन अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। युवक के खाते में आई रकम में से करीब 15 लाख रुपए बैंक के माध्यम से होल्ड करा दिए गए हैं। शेष राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया था। इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि यदि अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। महाराष्ट्र पुलिस द्वारा रामगढ़ थाने में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आशीष सिंह को अभी हिरासत में लिया गया है। जांच-पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि रामगढ़ शहर और पूरे जिले में साइबर ठगों तथा सट्टा कारोबार से जुड़े गिरोहों की सक्रियता पहले भी सामने आती रही है। कई मामलों में रामगढ़ के साइबर अपराधियों के नाम उजागर हो चुके हैं।


