रामझरोखा मंदिर भूमि प्रकरण में बड़ा प्रशासनिक एक्शन:नियम विरुद्ध जारी पट्टे निरस्त करने के आदेश

सिरोही के रामझरोखा मंदिर की भूमि पर नियम विरुद्ध जारी किए गए पट्टों के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने विस्तृत जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नगर परिषद सिरोही को सभी पट्टे निरस्त करने के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, रामझरोखा मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की भूमि पर नगर परिषद सिरोही ने नियमों की अनदेखी कर पट्टे जारी किए थे। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार संयम लोढ़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया था। उन्होंने नियम विरुद्ध जारी पट्टों को निरस्त करने की मांग करते हुए राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और उनके पुत्र पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। लोढ़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि मंदिर भूमि की प्रकृति, उपयोग और स्वामित्व को नजरअंदाज कर पट्टे जारी किए गए थे, जो नियमानुसार सही नहीं थे। साथ ही, नगर परिषद स्तर पर प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया और सक्षम अनुमति के अभाव में पट्टे जारी हुए। जांच निष्कर्षों के आधार पर जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने नगर परिषद सिरोही को निर्देश दिए हैं कि नियम विरुद्ध जारी किए गए सभी पट्टों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी अनियमितता न हो, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पट्टे निरस्त होने के बाद संबंधित भूमि को मंदिर के मूल स्वरूप और धार्मिक उपयोग के अनुरूप सुरक्षित किया जाएगा। यदि इस प्रकरण में जानबूझकर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधितों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। इस निर्णय के बाद रामझरोखा मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की ओर से बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करने की सराहना करते हुए राम मंदिर की भूमि को बचाने के लिए पूर्व विधायक लोढ़ा के प्रयासों के लिए आभार जताया हैं। रामझरोखा की भूमि पर इन आवेदकों को जारी किए थे पट्टे भूखण्ड संख्या 01, 02 व 3 पर विनोद मालवीय पुत्र मदनलाल मालवीय, भूखंड संख्या 4 पर खुशवंत माली पुत्र कैलाश कुमार, भूखंड संख्या 5 पर कुलदीप सिंह पुत्र हरि सिंह देवड़ा, भूखंड संख्या 6 पर विनोद कुमार पुत्र कमल कांत देवड़ा, भूखंड संख्या 7 पर राकेश कुमार पुत्र वागा राम सरगरा तथा भूखंड संख्या 8 पर तारा कंसारा पत्नी धर्मेश कंसारा को पट्टे जारी किए गए थे ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *