रामनगर में बीमार बच्चों के घर पहुंचे नीमच कलेक्टर:बोले- दूषित पानी की आशंका खत्म करें, पाइपलाइन की लीकेज सुधारें

नीमच जिले के मनासा के वार्ड नंबर 15 रामनगर में बच्चों के बीमार होने की सूचना के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने प्रभावित क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई और जल शुद्धिकरण कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बीमार बालिका सिद्धि (पिता कमल बडोदिया) और बालक यथार्थ (पिता दिनेश नायक) के घर पहुंचकर उनके परिजनों से चर्चा की। परिजनों ने बताया कि बच्चों को पैरों में दर्द की शिकायत थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उनकी सेहत में सुधार है। कलेक्टर ने मोहल्ले के अन्य लोगों से भी बात की, जिन्होंने बताया कि बाकी सभी लोग स्वस्थ हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल आपूर्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि वार्ड में बिछी नल-जल योजना की पाइपलाइनों की तत्काल जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लीकेज से गंदा पानी घरों में पहुंच सकता है, इसलिए पूरी लाइन की जांच कर मरम्मत सुनिश्चित की जाए। कई स्थानों से लिए सैंपल कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को क्षेत्र में कुक्कुट और बकरी पालन करने वाले पशुपालकों के यहां से सैंपल लेकर लैब भेजने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी शहर के कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच करवाने को कहा गया है, ताकि बीमारी के संभावित स्रोत की पहचान हो सके। स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय टीम के साथ चर्चा करते हुए कलेक्टर ने घर-घर सर्वे और जल स्रोतों के शुद्धिकरण की समीक्षा की। नागरिकों से अपील की गई है कि वे कुछ समय तक पानी उबालकर पिएं और कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क करें। वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें मनासा के सभी वार्डों में सर्वे कर रही हैं। इस भ्रमण के दौरान एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार मुकेश निगम सहित भोपाल और उज्जैन से आए विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *