बाड़मेर | स्थानीय रामनगर में रामस्नेही संत गिरधारीदास के सान्निध्य में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मातृशक्ति द्वारा निकाली गई कलश यात्रा से हुई, जो बस्ती के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नवजीवन स्कूल के पास स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रचार प्रमुख नरेश बोहरा ने कहा कि हिंदू धर्म में जन्म लेना अपने आप में कल्याणकारी है। उन्होंने समाज से जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर मिलजुलकर रहने का आह्वान किया और कहा कि इसी से सामाजिक समरसता सशक्त होगी। साथ ही बच्चों को संस्कारवान बनाने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में अधिवक्ता कमला ने कहा कि परिवार के सभी सदस्यों को सप्ताह में कम से कम एक दिन साथ बैठकर भोजन और संवाद करना चाहिए, इससे आपसी समझ बढ़े और नकारात्मकता दूर रहे। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा सत्संग किया गया।


