जालंधर| शहर के पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल रामनगर क्षेत्र में जालंधर–अमृतसर रेलवे लाइन पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यह क्रॉसिंग इलाके के मुख्य प्रवेश मार्ग पर स्थित है, जिससे रोज़ाना तीन लाख से अधिक लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। रामनगर के आंतरिक ट्रैफिक के अलावा आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों तथा अन्य इलाकों के लोगों का भी यही प्रमुख रास्ता है। रेलवे फाटक बंद रहने के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि चंदन नगर की तर्ज पर रामनगर रेलवे फाटक पर भी व्हीकल अंडरपास का निर्माण किया जाए, ताकि इस गंभीर ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान निकल सके। – संदीप विरदी, रामनगर।


