शिमला जिले के रामपुर शहर में स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में एक महीने के भीतर दूसरी बार चोरी की वारदात हुई है। शुक्रवार रात 11:15pm बजे चोरों ने मंदिर के दान पात्र को तोड़कर नकदी चुरा ली। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। शिकायतकर्ता अशोक कुमार ने बताया कि दिसंबर माह में हुई पहली चोरी के बाद यह दूसरी वारदात है, जो चिंता का विषय है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस चौकी रामपुर में शिकायत दर्ज कराई है और मंदिर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। डीएसपी नरेश शर्मा के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंद्रह दिनों के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। घटना डीएवी स्कूल के समीप स्थित मंदिर में हुई, जहां चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।


