भास्कर न्यूज । राजनांदगांव रामपुर में फर्जी धान खरीदी के आरोप में प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में समिति कर्मियों ने बनभेड़ी समिति में विरोध प्रदर्शन किया। राजनांदगांव जिले के सभी 96 केन्द्रों में गुरुवार को धान खरीदी बंद रही। धान बेचने पहुंचे किसानों को वापस लौटना पड़ा। दोपहर बाद कलेक्ट्रेट में अफसरों और हड़ताली समिति प्रबंधकों के बीच बैठक आयोजित की गई। जिसमें रामपुर में फर्जी धान खरीदी की दोबारा जांच और सत्यापन करने पर सहमति बनी। शुक्रवार से धान खरीदी शुरू की जाएगी। रामपुर खरीदी केन्द्र में फर्जी ढंग से खरीदी करने के मामले में हुई कार्रवाई के विरोध में जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने विरोध प्रदर्शन किया। समिति कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। खरीदी बंद होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई। समिति कर्मियों ने जिले के 96 केन्द्रों में धान खरीदी बंद रखने की सूचना एक दिन पहले प्रशासन को दी थी। लेकिन जिन किसानों का खरीदने के लिए गुरुवार के लिए टोकन कट चुका था वह धान लेकर खरीदी केन्द्रों में पहुंचे। वहां से उन्हें वापस लौटना पड़ गया। गुरुवार को गठुला, सुरगी, सोमनी, सिंघोला, ढाबा, कन्हारपुरी सहित अन्य सभी केन्द्रों से किसानों को वापस लौटना पड़ा। दोबारा जांच और सत्यापन होगा, रामपुर समिति रखेगी अपना पक्ष: जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने रामपुर में धान खरीदी का दोष पुर्ण सत्यापन की दोबारा जांच कराने, एफआईआर दर्ज नहीं कराने की मांग पर ज्ञापन सौंपा है। गुरूवार को रामपुर, बनभेड़ी में प्रदर्शन, कलेक्ट्रोरेट की बैठक एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष किसुन लाल देवांगन, उपाध्यक्ष जितेन्द्र चंद्राकर, ईश्वर श्रीवास, संतोष साहू, बासंती साहू, रेवा राम साहू, प्रकाश भैंसारे, हुपेन्द्र देशमुख, केशव मंडावी, केजराम यादव, हेमलाल सहित झम्मन एवं अन्य समिति प्रबंधक, कर्मचारी मौजुद रहे। राजनांदगांव. प्रदर्शन के बाद कलेक्टर से चर्चा करने पहुंचे समिति कर्मचारी।


