रामपुर में भालू का गाय पर हमला:गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा, शोर मचाने पर भागा, पहले भी हो चुकी वारदात

शिमला जिले के रामपुर में जंगली भालुओं का आतंक जारी है। ताजा घटना नीरथ पंचायत के डोईधार गांव से सामने आई है, जहां एक भालू ने गोशाला में घुसकर एक गाय पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, भालू ने एक व्यक्ति की गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उसने बंधी हुई गाय पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। परिवार के सदस्यों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। घायल गाय का उपचार किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रदेश सरकार से भालू को पकड़ने और उचित मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियां बढ़ी हैं। इस दौरान एक गाय की मौत हो चुकी है और तीन अन्य मवेशी घायल हुए हैं। 13 जनवरी को भी किया था हमला इससे पहले 13 जनवरी की रात को बड़ाच क्षेत्र में भी एक भालू ने गोशाला में घुसकर एक गाय को मार डाला था। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही लोग घरों से निकलने से डरते हैं, खासकर वे परिवार जिनकी गोशालाएं रिहायशी मकानों के पास हैं। इस घटना की सूचना ग्राम पंचायत, वन विभाग और पशुपालन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण भालू लगातार रिहायशी इलाकों में आ रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में पिंजरे लगा रहा वन विभाग उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर को नावण गांव में वन विभाग ने एक मादा भालू और उसके दो शावकों को पकड़ा था, लेकिन इसके बावजूद हमले नहीं रुके हैं। वन विभाग का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर पिंजरे लगाए जा रहे हैं और गश्त बढ़ाई गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *