रामपुर में सड़क निर्माण की मांग को लेकर पांच गांवों के ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड की बड़ा सिजुलता पंचायत अंतर्गत रामपुर गांव में मंगलवार को पांच गांवों के ग्राम प्रधानों और सैकड़ों ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर वर्षों से अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के 75 साल बाद भी रामपुर से करीब एक हजार फीट तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। यह मार्ग हेंसल से फुफडीह मुख्य पथ को जोड़ता है, जहां से रोजाना सैकड़ों गाड़ियां गुजरती हैं। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है। कीचड़ से सना यह मार्ग इतना जर्जर हो चुका है कि मोटरसाइकिल तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में कोई बीमार पड़ जाए तो एंबुलेंस तक अंदर नहीं पहुंच पाती। स्कूली बच्चों को भी रोज इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है और कई बार फिसलकर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। स्थानीय मुखिया को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की गई। अब ग्रामीणों में सरकार और प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *