रामेश्वर धाम के लिए 12.68 करोड़ की राशि स्वीकृत:खंडार विधायक के प्रयासों से मिली स्वीकृति, मंदिरों जीर्णोद्धार और नये घाट बनेंगे

खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल के प्रयासों से रामेश्वर धाम, खंडार के आधुनिकरण एवं विकास कार्यों के लिए 12.68 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह स्वीकृति रामेश्वर धाम के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। विधायक गोठवाल विगत दो सालों से रामेश्वर घाट व धाम क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत थे। मंदिर जीर्णोद्धार के साथ नये घाटों का होगा निर्माण खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने बताया कि सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित रामेश्वर धाम न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां स्थित भगवान महादेव का मंदिर हजारों वर्षों पुराना है और यह बनास, चंबल एवं सीप नदियों के संगम पर स्थित होने के कारण त्रिवेणी संगम के नाम से प्रसिद्ध है। हर साल कार्तिक मास में रामेश्वर धाम में विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु दर्शन व पूजा-अर्चना हेतु पहुंचते हैं। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम पर स्नान भी करते हैं। पूर्व में महिलाओं के स्नान की समुचित व्यवस्था के अभाव तथा शौचालय, स्नानघर, बैठने की जगह और पार्क जैसी सुविधाएं न होने से श्रद्धालुओं को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। अब स्वीकृत बजट से रामेश्वर धाम में घाटों की मरम्मत एवं नवीन घाटों का निर्माण, मंदिर का जीर्णोद्धार, रंग-रोगन, भूमि समतलीकरण, पेंटिंग, शौचालय एवं स्नानघर निर्माण, विद्युतीकरण व रोशनी की व्यवस्था, पार्किंग सहित अनेक विकास कार्य कराए जाएंगे। विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से रामेश्वर धाम में सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों से रामेश्वर धाम के स्वरूप में चार चांद लगेंगे और यह स्थल धार्मिक पर्यटन के रूप में और अधिक विकसित होगा। इनपुट- सागर सैनी खंडार।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *