इंदिरा बाजार के 10 नंबर ब्लॉक स्थित वीर हनुमान मंदिर में भगवन श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ बड़े धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। व्यापार मंडल के महामंत्री मनीष गुलाटी के अनुसार, हनुमान मंदिर, शनि मंदिर और आसपास के बाजार क्षेत्र को आकर्षक तरीके से सजाया गया। कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल असनानी, रोहित, नवीन थापर, मुरलीधर वासवानी, वासु और अन्य प्रमुख व्यापारियों ने दूध-जलेबी का प्रसाद वितरण किया। शाम 5 बजे से शनि महाराज मंदिर और वीर हनुमान मंदिर में भोग लगाकर पौषबड़ा का विशेष आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में करीब 2000 से अधिक व्यापारी और आम नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। बिजली व्यापार संघ और इंदिरा बाजार व्यापार मंडल के साथ ब्लॉक 9 के व्यापारियों ने स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली। समारोह में महाआरती का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


