डौंडी| गुरुवार रात्रि को डौंडी नगर में रिमझिम फुहारों के बीच दशहरा पर्व पारंपरिक भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पुलिस मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में भारी संख्या में नगरवासी उमड़े और रावण दहन का दृश्य देखा। रात्रि 9 बजे के लगभग स्थानीय राजाबाड़ा से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान और रावण की सेनाएं पारंपरिक पोशाकों में सजधज कर, अलग-अलग वाहनों में सवार होकर युद्ध स्थल की ओर निकलीं। राम-रावण संवाद के मंचन के बाद रात करीब 9:30 बजे श्रीराम द्वारा अग्निबाण छोड़कर रावण वध किया गया। रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा, और जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। रावण वध के बाद मंच पर भगवान श्रीराम का राजतिलक कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में दशहरा उत्सव समिति व नगर के किराना व्यापारियों द्वारा आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जिसने दीवाली जैसा उल्लास भर दिया।


