छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में पिछले करीब 15 घंटे से अधिक समय से मध्यम व तेज बारिश हो रही है। इससे जन जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। वहीं लगातार बारिश से केलो डैम के 4 गेट खोले गए हैं। इससे केलो नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने रायगढ़ समेत छह जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने, बादल गरजने और आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में रायगढ़ में गुरूवार की रात से मध्यम व तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश को 15 घंटे से अधिक समय हो चुका है और अब भी मध्यम व तेज बारिश जारी है। ऐसे में केलो डैम का जलस्तर भी बढ़ने लगा। जिसे देखते हुए शुक्रवार की सुबह केलो डैम के 4 गेट को खोल दिया गया है। इससे केलो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि अभी केलो डैम में 331.35 मीटर लेबल है। कोंड़केल रास्ते में पानी बहने लगा
तमनार विकासखंड के कोंडकेल-मिलुपारा जाने वाले मार्ग में पानी भरने से लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि कोंडकेल तिराहा रस्ते में कमर तक पानी बहने लगा। हांलाकि लोग उसे पार करते नजर आए। वहीं कुछ नाले भी उफान पर हैं। अंडर ग्राउंड पुल में भरा नाले का पानी
बारिश होते ही हर बार शहर के मालधक्का रोड स्थित अंडर ग्राउंड पुल में नाले का पानी भर जाता है। इस बार भी ऐसा ही हुआ। सुबह से अंडर ग्राउंड पुल में नाले का गंदा पानी बहने लगा। ऐसे में निगम द्वारा दोनों ओर बेरिकैट्स लगा दिए गए। ताकि गंदे पानी से कोई पार न हो। पिछले साल यहां पुल में बने चेंबर का ढक्कन हट जाने से एक बाइक सवार इसमें गिर गया था।
डैम में 331. 35 मीटर लेबल पानी
केलो परियोजना के ईई एमके गुप्ता ने बताया कि लगातार बारिश होने से डैम में पानी भरा है और अभी 331.35 मीटर लेबल पानी है। सुबह डैम के 4 गेट खोले गए हैं और खतरे के निशान से नीचे है। डैम में लगातार मानिटरिंग की जा रही है।


